Rattuvala Masjid Demolition:
हरियाणा राज्य के यमुनानगर जिले में साढ़ौरा क्षेत्र के रत्तूवाला में मस्जिद को गिराए जाने के बाद मुस्लिम समुदाय में भारी रोष देखने को मिला. स्थानिय लोगों का कहना है कि, यह देश की आजादी से पहले बनी एक पुरानी मस्जिद थी, इसके ध्वस्त होने की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों मुस्लिम समुदाय के लोग साढौरा थाने में एकत्रित हो गए और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की. क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
आजादी से पहले बनी थी मस्जिद-
मिली जानकारी के अनुसार गांव रत्तूवाला में यह मस्जिद आजादी से पहले मुस्लिम समुदाय द्वारा बनाई गई थी. देश के बंटवारे के समय परिस्थितियों के चलते मुस्लिम समुदाय के कई परिवारों को गांव छोड़कर जाना पड़ा, लेकिन मस्जिद तब से लेकर आज तक उसी स्थान पर मौजूद थी. स्थानीय लोगों और मुस्लिम समुदाय द्वारा वर्षों से इस मस्जिद की देखरेख की जा रही थी.
शरारती त्तवों ने ढहाई मस्जिद-
समुदाय के लोगों का कहना है मस्जिद को शरारती त्तवों ने ढहा दिया. जैसे ही यह खबर मुस्लिम समुदाय तक पहुंची, लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और देखा कि मस्जिद पूरी तरह गिरा दी गई है. इस घटना से समुदाय के लोगों में नाराजगी और तनाव फैल गया. इसके बाद सैकड़ों लोग साढौरा थाने पहुंच गए और आरोप लगाया कि कुछ शरारती तत्व जानबूझकर आपसी सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं. लोगों ने थाना प्रभारी से तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की.
प्रशासन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन-
स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी प्रमोद कुमार वालिया स्वयं थाने में उपस्थित लोगों के बीच पहुंचे और उन्हें शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने समुदाय को आश्वस्त किया कि घटना की पूरी जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मस्जिद के ध्वस्त हिस्से का निरीक्षण किया.
वंही पर सैंकड़ों मुस्लिम समुदाय के लोग थाने के सामने स्थित मस्जिद के पास इकट्ठा थे और कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे थे. क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके. प्रशासन का कहना है कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और जांच में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.



