Chitta Overdose Probe:
हिमाचल के शिमला जिला के रोहड़ू उपमंडल में चिट्टा की ओवरडोज़ से 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक को गंभीर हालत में रोहड़ू अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. अस्पताल पहुंचाने वाले परिजनों ने बताया कि युवक कुछ समय से नशे की चपेट में था और उसकी सेहत अचानक बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके.
चिट्टे के ओवरडोज़ से मौत की आशंका-
रोहडू पुलिस ने मामले में धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है. प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि मौत चिट्टा ओवरडोज़ की वजह से हो सकती है. हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा. डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान ने शनिवार को बताया कि युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है. पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा.
तेजी से फैल रहा चिट्टा का इस्तेमाल –
डीएसपी ने आगे कहा कि नशीले पदार्थों खासकर चिट्टा का इस्तेमाल युवाओं के बीच तेजी से फैल रहा है, जो समाज और परिवारों के लिए बेहद खतरनाक स्थिति है. उन्होंने कहा कि नशा तस्करों को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन युवाओं में तेजी से बढ़ती नशे की लत गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है.
खबरों के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



