PM Modi Somnath Visit:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार शाम को गुजरात के सोमनाथ पहुंचेंगे. वहां वे सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत आयोजित समारोहों में भाग लेंगे. यहां (PM Modi Somnath Visit) सात से 11 जनवरी तक वहां कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
रात आठ बजे ओंकार मंत्र के उच्चारण में लेगें भाग-
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हमारी आध्यात्मिक परंपरा का एक सशक्त प्रतीक है. पूरे देश में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाता है. इसी संदर्भ में मुझे कल रात लगभग आठ बजे सोमनाथ मंदिर में ओंकार मंत्र के दिव्य उच्चारण में भाग लेने का सौभाग्य प्राप्त होगा. उन्होंने कहा, ‘‘अगले दिन सुबह लगभग 9:45 बजे भारत माता के अनगिनत वीर पुत्रों को समर्पित शौर्य यात्रा में भाग लेने के बाद मैं मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करूंगा. इसके बाद मुझे यहां एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा.
PM Modi Somnath Visit, क्यों हो रहा कार्यक्रम?
उत्सवों के हिस्से के रूप में शनिवार रात को एक भव्य ड्रोन शो भी आयोजित किया जाएगा. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि यह पर्व भारत के उन नागरिकों की याद में आयोजित किया जा रहा है. जिन्होंने सोमनाथ मंदिर की रक्षा के लिए बलिदान दिया और भावी पीढ़ियों की सांस्कृतिक चेतना को प्रभावित करते आए हैं. यह कार्यक्रम महमूद गजनी के सोमनाथ मंदिर पर हमले के 1,000 साल पूरे होने पर आयोजित किया जा रहा है.
अधिकारियों के अनुसार, शौर्य यात्रा में 108 घोड़ों का प्रतीकात्मक जुलूस निकाला जाएगा, जो वीरता और बलिदान का प्रतीक होगा। इसके बाद, मोदी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे. फिर वह सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे. सोमनाथ गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में स्थित है, जो अहमदाबाद से 400 किलोमीटर से अधिक दूर है.



