देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है।पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों तक भारी बारिश, जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने जम्मू में 17 से 19 अगस्त तक भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मैदानी इलाकों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
जम्मू में 17 से 19 अगस्त तक भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू में 17 से 19 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 17 अगस्त से भगवती नगर स्थित यात्री निवास से बु्ढ्ढा अमरनाथ यात्रा भी शुरू होनी है। मौसम को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा की सुरक्षा, यातायात, सड़कों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर तैयारियों की समीक्षा की है।
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में देर रात से कई जिलों में बारिश जारी है। चमोली के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में पानी और मलबा भरने से 9 लोगों की मौत हो गई है। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।मौसम विभाग ने देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।राज्य की 61 सड़के बंद हैं। खराब मौसम के चलते पिथौरागढ़, देहरादून और नैनीताल में 12वीं तक के स्कूल बंद रखने का फैसला किया गया है।
हिमाचल में भारी बारिश से सड़क-रेल यातायात प्रभावित
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 14 से 19 अगस्त तक बारिश की संभावना जताई है। सिरमौर और मंडी के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश और लैंडस्लाइड के चलते सड़क औऱ रेल यातायात प्रभावित है। कांगड़ा में पठानकोट-बैजनाथ पपरोला रेल सेक्शन पर ट्रैक पर चट्टानें गिरने के कारण चार ट्रेन सेवाओं को अगले आदेश तक रद्द किया गया है।सोलन के वकनाघाट में चंडीगढ़-शिमला हाईवे पर बारिश के बाद घना कोहरा छाने से विजिबिलिटी कम हो गई।
उत्तर प्रदेश में 75 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 15 जिलों में भारी बारिश की संभावना है।प्रदेश में सभी नदियां उफान पर हैं। राज्य के 16 जिलों के 80 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में है। लोगों के घरों में पानी घुस गया है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाट किनारे बने कई छोटे मंदिर पानी में डूब गए हैं।
बिहार में 18 जिलों में बारिश का अलर्ट
बिहार में भी मानसून सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग ने पटना समेत 18 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।बिहार के कईं इलाकों में पानी भर गया। लोगो के घरों और दुकानों में पानी घुस चुका है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर
राजस्थान में बारिश जारी है। 18 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी है।बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति सामने आई है। मध्य प्रदेश में मानसून लगातार सक्रिय है। जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में 12 जिलों में बारिश हो सकती है।
कुल मिलाकर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरतने और लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।
अन्य खबरें जानें –



