Panchkula Surprise Inspection: रायपुर रानी में ACS सुमिता मिश्रा का औचक निरीक्षण, तहसील-CHC की व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

पंचकूला, 16 अक्टूबर हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तीय आयुक्त तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता…

ACS सुमिता मिश्रा

पंचकूला, 16 अक्टूबर

हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तीय आयुक्त तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने आज रायपुर रानी स्थित तहसील कार्यालय और CHC का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनसेवाओं की उपलब्धता, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उपायुक्त सतपाल शर्मा भी उनके साथ उपस्थित रहे।

 लंबित म्यूटेशन-रजिस्ट्री मामलों पर सख्ती

रायपुर रानी तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डॉ. सुमिता मिश्रा ने संपत्ति पंजीकरण के कार्यों और लंबित म्यूटेशन मामलों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सर्कल राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित म्यूटेशन मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सब-रजिस्ट्रार के हस्ताक्षर के लिए लंबित दस्तावेजों पर बिना किसी देरी के आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

करेक्शन पोर्टल के नियमों की हो पालना

डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि तहसील कार्यालय में इंटरनेट और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि राजस्व संबंधी कार्य सुचारू रूप से संचालित हों। उन्होंने राजस्व रिकॉर्ड में छोटी-मोटी त्रुटियों को दूर करने के लिए ‘करेक्शन पोर्टल’ से संबंधित निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।पुराने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को पुराने रिकॉर्ड का व्यवस्थित प्रबंधन और संरक्षण निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों के समाधान के लिए कर्मचारी कार्यालय में उपलब्ध रहें, अदालती मामलों का त्वरित निपटारा किया जाए और तहसील परिसर में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था बनाए रखी जाए।

CHC की सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

CHC रायपुर रानी के निरीक्षण के दौरान डॉ. सुमिता मिश्रा ने उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने, कचरे का उचित निस्तारण करने और शौचालयों की नियमित सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की रोटेशन के आधार पर ड्यूटी लगाने पर भी जोर दिया ।डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को निजी अस्पतालों के समान गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए उपलब्ध बजट का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि अस्पताल के आधारभूत ढांचे, स्वच्छता, मरीजों की सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में स्पष्ट सुधार दिखाई दे।

CHC में 52 तरह के टेस्ट उपलब्ध

जनरल लैब के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डॉ. सुमिता मिश्रा को बताया कि सितंबर माह में CHC रायपुर रानी में कुल 20,480 टेस्ट किए गए। केंद्र में मरीजों के लिए 52 प्रकार के मेडिकल टेस्ट की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने जांच सेवाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि आवश्यक सुविधाएं और जांच सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध रहें, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। उन्होंने पीडियाट्रिक OPD का भी निरीक्षण किया। जनरल OPD के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों के फॉलो-अप की व्यवस्था की समीक्षा की और स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों को दिए जा रहे उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

डॉ. सुमिता मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने, व्यवस्थाओं में सुधार लाने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।

 QR कोड से होगा मरीजों का रजिस्ट्रेशन

डॉ. सुमिता मिश्रा ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों के पंजीकरण को सरल बनाने, भुगतान की सुविधा उपलब्ध करवाने और रजिस्ट्रेशन काउंटर पर प्रतीक्षा समय कम करने के लिए जल्द से जल्द QR-कोड आधारित प्रणाली लागू की जाए। उन्होंने फार्मेसी का निरीक्षण कर दवाओं के स्टॉक की जानकारी ली। मरीजों ने उन्हें बताया कि अस्पताल में दवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने फार्मेसी अधिकारी को निर्देश दिए कि एंटी-रेबीज वैक्सीन (ARV), एंटी-स्नेक वेनम (सांप के काटने पर इस्तेमाल होने वाली दवा), हीमोग्लोबिन टेस्टिंग स्ट्रिप्स, आयरन, फोलिक एसिड और कैल्शियम सप्लीमेंट जैसी आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए।

मरीजों को तुरंत इलाज देने के निर्देश

उन्होंने इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि मरीजों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई जाए और उनकी उचित निगरानी सुनिश्चित हो। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार, अस्पताल में भर्ती करने और डिस्चार्ज की व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

अन्य खबरें जानें-

Narwana अनाज मंडी पहुंचे कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, किसानों की सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *