फरीदाबाद, 27 नवंबर
फरीदाबाद में 18 साल के युवक आदित्य भाटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 28 नवंबर को आदित्य का जन्मदिन था और जन्मदिन के दिन ही घर में मातम छा गया।आदित्य की मां बबली का रो-रोकर बुरा हाल है। आदित्य के पिता किरण भाटी का साल 2016 में स्वर्गवास हो गया था। पिता की मौत के बाद मां ने दूसरी शादी कर ली थी। इस मामले में परिवार के ही दो हिस्सों के बयान अलग-अलग सामने आ रहे हैं।
आदित्य के चाचा का कहना है कि उनके भतीजे आदित्य की हत्या हुई है। चाचा का आरोप है कि जिस व्यक्ति के साथ मां रह रही हैं, उसी व्यक्ति ने आदित्य की हत्या की है। चाचा का कहना है कि उन्हें इस मामले में पूरा शक है और पुलिस को सही जांच करनी चाहिए।
वहीं दूसरी तरफ आदित्य के मौसा और पड़ोसियों का कहना कुछ और ही है। उनका कहना है कि चाचा के लगाए गए आरोप झूठे हैं। मौसा और पड़ोसियों का दावा है कि आदित्य नशे का आदि हो चुका था। उनका यह भी कहना है कि आदित्य को नशे की लत चाचा ने ही लगाई थी।दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बाद मामला और उलझ गया है।
एक तरफ हत्या का आरोप है, तो दूसरी तरफ नशे की लत की बात कही जा रही है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लोगों के बयानों के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी। परिवार न्याय की मांग कर रहा है।
अन्य खबरें जानें –



