Panipat’s Grain Markets:
हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने मंगलवार को पानीपत की विभिन्न अनाज मंडियों का दौरा कर फसल खरीद व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी परिसर में अधिकारियों के साथ बैठक कर खरीद प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में मार्केट कमेटी के अध्यक्ष अवतार सिंह शास्त्री ने सरकार द्वारा निर्धारित फसल खरीद नियमों की जानकारी अधिकारियों को दी और भरोसा दिलाया कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि किसानों की फसल बिना किसी बाधा के सही मूल्य पर बिके। उन्होंने बताया कि पिछली बार जीरी (धान) की खरीद में आई समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस बार व्यवस्था में सुधार किया गया है। अब मंडी में प्रवेश के लिए गेट पास की व्यवस्था होगी और पूरी प्रक्रिया मंडी परिसर के भीतर ही पूरी की जाएगी, जिससे किसानों को बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि मंडियों में बारदाना, परिवहन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। “किसान, मजदूर या आढ़ती—किसी को भी कोई समस्या होगी तो हम उसे सुनकर तुरंत समाधान करेंगे,” मंत्री ने कहा। साथ ही उन्होंने बताया कि एफसीआई की टीम भी सर्वे के लिए पहुंची हुई है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री राणा ने मौसम और वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि खेती पूरी तरह प्रकृति पर निर्भर है और बदलते मौसम का असर फसलों पर पड़ता है। इसके बावजूद सरकार हर स्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और नुकसान की भरपाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “एक-एक दाना तैयार करने में किसान की छह महीने की मेहनत लगती है, इसलिए उसकी सुरक्षा और खरीद सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।”
इसके अलावा उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध और अन्य कारणों से गैस, तेल और पेट्रोल के दामों पर असर पड़ता है, लेकिन केंद्र सरकार संतुलित नीति के साथ देश को आगे बढ़ा रही है और आमजन पर कम से कम प्रभाव पड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कृषि मंत्री ने कहा कि समय-समय पर नीतियों में बदलाव किसानों के हित में किए जाते हैं। पहले किसानों को भुगतान में दिक्कत होती थी, लेकिन अब सीधे उनके खातों में पैसा पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है।
समस्याओं के समाधान पर जोर
उन्होंने कहा कि सरकार हर समस्या का समाधान करती है, लेकिन इसके लिए तय समय सीमा का पालन जरूरी है। समय पर शिकायत दर्ज कराने से ही त्वरित समाधान संभव है। श्याम सिंह राणा ने कहा कि लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि आलोचना के साथ-साथ समाधान देना भी जरूरी है, तभी व्यवस्था बेहतर बन सकती है।
अन्य ख़बरें जानें-
Volleyball Player Dies: खमानो के पास सड़क दुर्घटना में मशहूर वॉलीबॉल खिलाड़ी की मौत
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



