Sonipat Triple Murder:
हरियाणा के सोनीपत के कुंडली स्थित टीडीआई सिटी के बीपीएल फ्लैट्स में देर रात ट्रिपल मर्डर हो गया। हमलावर ने लोहे की रॉड और तेजधार हथियार से हमला कर पति-पत्नी समेत तीन लोगों की हत्या कर दी। वारदात के बाद फ्लैट्स में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग सहम गए। सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
अवैध संबंधों को लेकर टोकाने पर झगड़ा
शुरुआती जांच में सामने आया कि पड़ोसियों ने आरोपी के अवैध संबंधों को लेकर टोका था। इस पर झगड़ा हुआ और उसने हमला कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है।आरोपी की पहचान ब्रह्मप्रकाश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झज्जर जिले के जसोर खेड़ी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है और दिल्ली पुलिस से बर्खास्त बताया गया है।
हमलावर ने पति-पत्नी समेत एक अन्य महिला की बेरहमी से हत्या
हमले में विजय (50) और उनकी पत्नी सुनीता (47) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मूल रूप से सोनीपत के कोर्ट मोहल्ला निवासी थे और फिलहाल टीडीआई सिटी के फ्लैट नंबर एल-1299, फर्स्ट फ्लोर में रह रहे थे। वहीं तीसरी मृतका की पहचान 32 वर्षीय स्वाति के रूप में हुई है, जिसकी शादी वीरेंद्र के साथ हुई थी। स्वाति गांव बड़ौली की रहने वाली थी और हाल में टीडीआई के बीपीएल फ्लैट नंबर 1431 की दूसरी मंजिल पर रह रही थी।
दिल्ली पुलिस में तैनात था आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झगड़े के दौरान आरोपी ब्रह्मप्रकाश ने लोहे की रॉड और तेजधार हथियार से महिलाओं पर हमला किया और फिर विजय को निशाना बनाया। हमला इतना बेरहम था कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद पूरे फ्लैट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी ब्रह्मप्रकाश पहले दिल्ली पुलिस में तैनात था, लेकिन बाद में उसे बर्खास्त कर दिया गया था।
अन्य ख़बरें जानें-
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



