Patna News: डॉक्टरों को भगवान का दर्जा दिया जाता है क्योंकि वे लोगों की जान बचाने के लिए काम करते हैं। हालांकि, बिहार के एक डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगे हैं. बताया जा रहा है कि डॉक्टर तीन दिन तक मृतक बच्चे का इलाज करते रहे. जब उसके शरीर से दुर्गंध आने लगी तो उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया. यह दिल दहला देने वाली घटना राजधानी पटना से सामने आई है.
पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल पर गंभीर आरोप लगे हैं। मृतक बच्चे के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने पैसे ऐंठने के लिए उनके 10 महीने के मृत बच्चे का इलाज जारी रखा। जब शव से दुर्गंध आने लगी तो उन्होंने मृत बच्चे को दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया।
जब उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया तो वहां के डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की मौत 48 घंटे पहले हो चुकी है. बच्चे की मां अनिमा ने बताया कि बुधवार को उसके बच्चे को सांस लेने में दिक्कत हुई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल लाए जाने के दो-तीन घंटे के भीतर ही बच्चे की मौत हो गई, लेकिन डॉक्टरों ने मृत बच्चे को जीवित बताकर पैसे लेना जारी रखा.
परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का भी आरोप लगाया. उनका कहना है कि अस्पताल को हमसे माफ़ी मांगनी चाहिए. इस मामले में गांधी मैदान थानेदार राजेश कुमार ने बताया कि शनिवार को परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था. हालांकि, उन्होंने आवेदन करने से इनकार कर दिया है.
खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live



