Punjab Weather Update Today:
उत्तर भारत समेंत पंजाब में रविवार से ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ना शुरू कर लिया है। कई जिलों में शीत लहर का असर देखने को मिल रहा है। इसके चलते सुबह और शाम लोगों को कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ी। दिन को मौसम में कुछ राहत मिली और धूप निकलने से अधिकतर क्षेत्रों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार फिरोजपुर राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां रात का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
26 से 30 जनवरी तक अलर्ट-
मौसम विभाग ने 26 से 30 जनवरी तक प्रदेश के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय हो रहा है। इसका असर मैदानी इलाकों पर पड़ेगा। उत्तर और पूर्वी पंजाब के कुछ जिलों—पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली)—में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
Punjab Weather Update, कुछ हिस्से में बारिश-
27 जनवरी को बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है। अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और संगरूर समेत कई जिलों में अनेक स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिण-पश्चिमी पंजाब के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा की संभावना है। 28 जनवरी को उत्तर और पूर्वी पंजाब के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं 29 और 30 जनवरी को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।



