दिल्ली, 13 अगस्त
देश के कई हिस्सों में मानसून का कहर जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। मुंबई में हुई लैंडस्लाइड के कारण 7 लोगों की मौत हो चुकी है और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सैंकड़ों सड़के बंद है। मौसम विभाग ने बारिश के चलते कईं राज्यों में अलर्ट जारी किया है।
मुंबई में लैंडस्लाइड से 7 लोगों की मौत
मुंबई के घाटकोपर स्थित गौसिया चॉल में बुधवार तड़के पहाड़ी का हिस्सा गिरने से तीन बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गई । हादसे मे सात घायल लोगों का अस्पताल मे इलाज जारी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
हिमाचल में 313 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और भूस्खलन से हालात बिगड़े हुए हैं। राज्य में 313 सड़कें बंद हैं।मंडी जिले में सबसे ज्यादा 117 सड़कें बंद हैं। चंबा में 74, कुल्लू में 60, शिमला में 36 और सिरमौर में 13 सड़कें बंद हैं।
राज्य सरकार के मुताबिक, 30 जून से अब तक बारिश और मौसम संबंधी आपदाओं में 75 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 911 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से लगा लंबा जाम
उत्तराखंड में भी बारिश और भूस्खलन ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानी वाला बैंड के पास पहाड़ की कटाई के दौरान भारी मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे दोनों ओर यातायात बाधित हो गया और करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
राजस्थान में बारिश से सड़कें हुई जलमग्न
राजस्थान के कई जिलों में तेज बारिश हुई। जयपुर के कईं हिस्सों में बारिश के चलते पानी भर गया। पानी से भरे गड्ढे के कारण एक बस पलट गई। बारिश और पेड़ गिरने के कारण शहर के कई हिस्सों में करीब सात घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश में अगले तीन दिन भारी बारिश
मध्य प्रदेश के कई जिलों में लगातार भारी बारिश जारी है।पश्चिमी हिस्से में बारिश के बाद अब मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम प्रदेश के पूर्वी हिस्से में सक्रिय होने की संभावना है। शुक्रवार से जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के कई जिलों में तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
बिहार में मौसम विभाग ने आज 15 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 14 से 18 अगस्त के बीच पटना समेत कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी विशेष चेतावनी जारी की है।
हरियाणा में फिर सक्रिय होगा मानसून
हरियाणा में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार रात से मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। इसके चलते 15 अगस्त तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने कई इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लगातार बारिश और भूस्खलन को देखते हुए लोगों से नदी-नालों, पहाड़ी रास्तों और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की अपील की गई है।
अन्य खबरें जानें –
NEET-UG पेपर लीक मामले में 13 आरोपियों पर आज होगी सुनवाई, डिलीट चैट और PDF से मिले अहम सबूत


