Pakistan Drone Smuggling Punjab:
गुरदासपुर पुलिस को ‘नशे के खिलाफ युद्ध’ अभियान के तहत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल की मदद से सीमावर्ती इलाके से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया. इन्हें 2 किलो 544 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया जिसकी किमत करोड़ों में होगी. युवकों की उम्र 25 साल से कम बताई है. बताया जा रहा है कि यह हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के ज़रिए मंगवाई गई थी.
बीएसएफ की ली मदद-
एसपी डीके चौधरी ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बीएसएफ की मदद से टी प्वाइंट रुडियाना मोड़ कलानौर पर की गई नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार 2 संदिग्ध व्यक्तियों को शक की बिनाह पर रोका गया. अधिकारी ने दोनों की तलाशी ली, जिसमें से एक भारी मोम का लिफाफा बरामद हुआ. इसमें 2 किलो 544 ग्राम हेरोइन बरामद हुई. दोनों के खिलाफ कलानौर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है.
आरोपियों ने कबुला पाकिस्तान से आई हेरोइन-
आरोपियों की पहचान मंगल सिंह उर्फ मंगू पुत्र कुलदीप सिंह निवासी गोपाल नगर अजनाला और गुरभेज सिंह भेजा पुत्र हरदेव सिंह निवासी हरूवाल थाना डेरा बाबा नानक के रूप में हुई है. ये पहले आबकारी विभाग के ठेकेदारों के लिए अवैध शराब पकड़ने का काम करते थे. अब जांच की जा रही है कि यह हेरोइन उन्होंने सीधे तौर पर मंगवाई थी या वे किसी हेरोइन तस्कर के लिए काम कर रहे थे. शुरुआती पूछताछ में उन्होंने कबूल किया है कि यह हेरोइन ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से आई थी.



