भिवानी, 21 जुलाई
भिवानी के देवनगर इलाके में पीने के पानी की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पार्षद सूर्या तंवर की अगुवाई में क्षेत्रवासियों ने पब्लिक हेल्थ विभाग के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपते हुए अवैध पानी के कनेक्शन हटाने और अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार और विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की।लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि जब पानी की सप्लाई छोड़ी जाती है तो पहले से ही पानी का प्रेशर कम रहता है और ऊपर से अवैध कनेक्शनों के कारण अंतिम छोर पर रहने वाले लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंचता। मजबूरी में कई परिवार पीने का पानी खरीदकर मंगवा रहे हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला।
ज्ञापन लेने के बाद अधीक्षण अभियंता ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि अवैध कनेक्शनों की जांच कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। साथ ही देवनगर क्षेत्र में नए बूस्टर के निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि यदि जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।देवनगर में पेयजल संकट और अवैध कनेक्शनों का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। अब देखना होगा कि विभाग अपने आश्वासन पर कितना जल्द अमल करता है और क्षेत्रवासियों को कब तक नियमित और पर्याप्त पानी की सुविधा मिल पाती है।
अन्य खबरें जानें-

