MAHENDRAGARH में सरकारी स्कूल की छात्राओं ने सोनम वांगचुक के समर्थन में की नारेबाजी,प्रशासन ने स्कूल के प्राचार्य को किया सस्पेंड

महेंद्रगढ़,  21जुलाई महेंद्रगढ़ के कनीना मंडी स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा सोनम वांगचुक के समर्थन और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी किए…

महेंद्रगढ़

महेंद्रगढ़,  21जुलाई

महेंद्रगढ़ के कनीना मंडी स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा सोनम वांगचुक के समर्थन और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी किए जाने के मामले में विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि, जिला प्रशासन द्वारा गठित जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में विद्यालय के किसी भी शिक्षक अथवा कर्मचारी की भूमिका से साफ इनकार किया है।

17 जुलाई को विद्यालय की 10 से 12 छात्राओं का पोस्टर लेकर नारेबाजी करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले की जानकारी मिलने के बाद उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी थी। इसके बाद चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई, जिसने छात्राओं, उनके अभिभावकों, विद्यालय के प्राचार्य और स्टाफ के बयान दर्ज किए। जांच रिपोर्ट के अनुसार, छात्राएं सोशल मीडिया और इंटरनेट पर चल रहे सोनम वांगचुक के आंदोलन से प्रभावित थीं।

छात्राओं ने समिति को बताया कि उन्हें लगा था कि यदि वे पहले से इसकी जानकारी देंगी तो अभिभावक और स्कूल प्रशासन इसकी अनुमति नहीं देंगे। इसी कारण उन्होंने स्कूल की छुट्टी के बाद विद्यालय से कुछ दूरी पर जाकर प्रदर्शन किया। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि छात्राओं ने स्वयं दो पोस्टर तैयार किए थे और इस गतिविधि की जानकारी विद्यालय के किसी भी कर्मचारी या शिक्षक को नहीं थी।

समिति को किसी भी स्टाफ सदस्य द्वारा छात्राओं को उकसाने या सहयोग करने के कोई प्रमाण नहीं मिले। इस बीच, स्कूल शिक्षा विभाग ने 19 जुलाई को हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियमावली-2016 के तहत प्राचार्य नरेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नारनौल निर्धारित किया गया है। निलंबन आदेश में कारणों का उल्लेख नहीं किया गया है।

 अन्य खबरें जानें-

SONAM WANGCHUK को दिल्ली हाईकोर्ट से राहत, मेदांता अस्पताल में इलाज की मिली अनुमति, 4 दिन से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *