Panipat Robbery:
पानीपत के सेक्टर 13-17 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव निजामपुर में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला दुकानदार से लूटपाट का मामला सामने आया है। यहां एक परचून की दुकान पर ग्राहक बनकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला के गले से करीब 2 तोले सोने की चेन छीन ली। इसके बाद दोनों आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित महिला के बेटे की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बदमाश, क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों (Panipat Robbery) में कैद हो गए।
पहले पानी और सिगरेट मांगी
गांव निजामपुर निवासी रविंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी माता कलावती (72) ने अपने मकान के नीचे ही परचून की दुकान कर रखी है। जिससे वे अपने घर का गुजारा चलाती हैं। बुधवार, 20 मई की दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी माता हमेशा की तरह दुकान पर बैठी हुई थीं। इसी दौरान एक बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात युवक दुकान के सामने आकर रुके। शिकायत के अनुसार, बाइक पर पीछे बैठा हुआ लड़का उतरकर दुकान के अंदर आया। जबकि उसका दूसरा साथी बाइक स्टार्ट रखकर दुकान से थोड़ी ही दूरी पर खड़ा रहा। दुकान के अंदर आए युवक ने बुजुर्ग महिला कलावती से पीने के पानी की बोतल और सिगरेट मांगी।
चेन खिचंकर फरार
जब कलावती उसे सिगरेट देने के लिए मुड़ीं, तो उस शातिर बदमाश ने महिला को अचानक डराया-धमकाया और उनके गले पर झपट्टा मार दिया। बदमाश ने कलावती के गले में पहनी हुई करीब 2 तोला वजन की सोने की चेन तोड़ ली। जब तक बुजुर्ग महिला कुछ समझ पाती और शोर मचाती, आरोपी चेन छीनकर दुकान से बाहर भागा और आगे खड़े अपने साथी की बाइक पर पीछे बैठकर पलक झपकते ही जीटी रोड की तरफ फरार हो गया। दोपहर के समय गली में सन्नाटा होने के कारण आरोपी आसानी से भागने में कामयाब रहे। पीड़ित महिला ने तुरंत इस घटना की जानकारी अपने बेटे रविन्द्र और परिवार के अन्य सदस्यों को दी।
अन्य ख़बरें जानें-
Agrasen University Plumber Death: महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी परिसर में सीवरेज की जहरीली गैस
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



