बल्लभगढ़, 22 जुलाई
बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-1 में स्थानीय निवासियों को विधायक एवं हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा ने एक और आधुनिक पार्क की सौगात दी। उन्होंने लगभग 1 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पार्क का शिलान्यास किया तथा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
यह पार्क गांव रनहेड़ा खेड़ा, सेक्टर-25 और राजीव कॉलोनी के लोगों के लिए बनाया जाएगा। अटल पार्क के बाद यह क्षेत्र का दूसरा बड़ा पार्क होगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर मनोरंजन एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिल सकेंगी। पार्क में ओपन जिम, सेल्फी पॉइंट, हरित क्षेत्र, बच्चों के लिए सुविधाएं सहित अन्य आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।
इस अवसर पर विधायक पंडित मूलचंद शर्मा ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ पौधारोपण भी किया और सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक पंडित मूलचंद शर्मा ने कहा कि लगभग 1 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पार्क का शिलान्यास किया गया है जिसे जहां क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी वहां लोगों को इस पार्क से बहुत लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी ।
इसके साथ ही क्षेत्रवासियों के लिए जल्द ही अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी का भी शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसी उद्देश्य से विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
अन्य खबरें जानें –

