करनाल, 22 जुलाई
करनाल में स्पेशल टास्क फोर्स यानी STF को बड़ी कामयाबी मिली है। STF ने पांच सक्रिय शूटरों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में करनाल पहुंचे थे। आरोपियों के कब्जे से पांच विदेशी ऑटोमैटिक पिस्टल, 14 जिंदा कारतूस और एक थार गाड़ी बरामद की गई है।STF करनाल पिछले काफी समय से संगठित अपराध में शामिल गैंगों पर नजर रखे हुए थी।
गुप्त सूचना के आधार पर STF ने पृथ्वीराज चौहान चौक के पास कार्रवाई करते हुए विकास उर्फ विक्की निवासी महेंद्रगढ़, अस्फाक निवासी नई दिल्ली, प्रिंस खरड़िया और संजय बंट्ठ निवासी राजस्थान तथा गुरलाल निवासी अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से पांच विदेशी ऑटोमैटिक पिस्टल, 14 जिंदा कारतूस और एक थार गाड़ी बरामद हुई है। सभी के खिलाफ थाना सदर करनाल में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये आरोपी गैंग के लिए शूटर उपलब्ध कराने, हथियारों की सप्लाई करने और टारगेट की रेकी कर आपराधिक वारदातों को अंजाम दिलाने का काम करते थे। STF का दावा है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी 12 जुलाई को यमुनानगर स्थित सब्बरवाल टायर शोरूम पर फिरौती के लिए की गई फायरिंग के मुख्य शूटर हैं।
इसके अलावा मई 2026 में निसिंग में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरप्रताप सिंह कंग के घर पर हुई फायरिंग में भी इनकी कथित संलिप्तता सामने आई है।
फिलहाल STF सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि गैंग के अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क, फंडिंग और भविष्य की साजिशों का खुलासा किया जा सके। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर करनाल में एक बड़ी आपराधिक वारदात को टाल दिया गया है। अब जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि आरोपियों को हथियार कहां से मिले और इनके संपर्क किन-किन राज्यों तक फैले हुए हैं।
अन्य खबरें जानें –

