नई दिल्ली, 22 जुलाई
नीट पेपर लीक मामले और छात्रों के साथ हुई लाठीचार्ज को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में मंगलवार को विपक्षी दलों ने प्रधानमंत्री आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया। इस धरने में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ,पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सहित कई विपक्षी नेता शामिल हुए थे।
धरने के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी और अन्य नेताओं से बातचीत कर प्रदर्शन खत्म करने का निवेदन किया, लेकिन विपक्ष अपनी मांगों पर अड़ा रहा। इसके बाद शाम को पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। रात करीब 9:30 बजे सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया।

हिरासत के बाद छत्रसाल स्टेडियम स्थित डिटेंशन सेंटर से राहुल गांधी ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि पूरा विपक्ष चाहता है कि नीट पेपर लीक मुद्दे पर लोकसभा और राज्यसभा दोनो सदनों में चर्चा हो, ताकि सभी पक्ष अपनी बात रख सकें। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की ।
राहुल गांधी ने कहा कि केन्द्र सरकार छात्रों से माफी मांगे।छात्रों पर दर्ज पुलिस मामलों को वापिस लिया जाए और प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
आज संसद के मानसून सत्र का तीसरा दिन है। लोकसभा और राज्यसभा में आज नीट पेपर लीक मामले पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी मुलाकात कर सदन में चर्चा कराने की मांग की थी।
अन्य खबरें जानें –

