दिल्ली , 22 जुलाई
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन बुधवार को 33वें दिन भी जारी है। मंगलवार की रात भी हजारों प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर डटे रहे। इनमें 20 जुलाई के ‘संसद चलो मार्च’ के दौरान पुलिस कार्रवाई में घायल हुए कई लोग भी शामिल हैं।CJP ने जानकारी दी कि संसद मार्च के दौरान हिरासत में लिए गए सभी प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रिहा कर दिया है। इसके बाद CJP ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर चल रहा धरना समाप्त कर दिया।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि अब संगठन सरकार के पास बातचीत के लिए नहीं जाएगा। यदि सरकार बातचीत करना चाहती है तो उसे जंतर-मंतर आना होगा।
इस बीच सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने मंगलवार देर रात गुरुग्राम में सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचे।सोनम वांगचुक 28 जून से भूख हड़ताल पर हैं और दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर उन्हें कल सफदरजंग अस्पताल से गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती शिफ्ट किया गया।
वहीं दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने भी संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा और तोड़फोड़ के मामलों में कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अब तक छह FIR दर्ज की है। पुलिस ने RAF के एक जवान पर हमले के मामले में भी FIR दर्ज की है।
CJP का कहना है कि सरकार के साथ पहली बातचीत में तीन प्रमुख मांगें रखी गई हैं। सबसे पहली सोनम वांगचुक को अस्पताल से रिहा किया जाए,दूसरी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपना इस्तीफा दें और कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले नीट अभ्यर्थियों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
इस बीच, प्रदर्शन के दौरान घायल हुए लोगों की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। मध्यप्रदेश का एक युवक पैलेट इंजरी के कारण गंभीर रूप से घायल हुआ है और उनकी आंख की रोशनी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।झारखंड की रहने वाली छात्रा साक्षी भी पुलिस कार्रवाई में घायल होने के बाद राम मनोहर लोहिया अस्पताल में वेंटिलेटर पर भर्ती हैं।
फिलहाल जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन जारी है, जबकि पुलिस हिंसा से जुड़े मामलों की जांच और कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।
अन्य खबरें जानें –

