Himachal Pradesh Monsoon Weather Forecast Update : हिमाचल प्रदेश में पहले मानसून के दस्तक देते ही सबको लगा इस बार कई रिकॉर्ड टूट सकते हैं और ऐसे में कई लोगों ने उस मंजर को देखते हुए हिमाचल घूमने जाने का बना बनाया प्लान भी रद्द कर दिया. हालांकि उन पर्यटकों के लिए खुशखबरी यह है कि मानसून अब हिमाचल प्रदेश में कमजोर पड़ने लगा है.
मिली जानकारी के मुताबिक जहां 24 से 27 जून के बीच मूसलाधार बारिश देखने को मिली वहीं बीते दो दिनों में नॉर्मल से भी कम बरसात देखने को मिली है. इसी तरह 29 जून को जो भी हलकी बारिश हुई वह नॉर्मल के मुकाबले में 43 फीसदी कम थी. इतना ही नहीं बल्कि अगले तीन से चार दिन के लिए भी मौसम साफ़ रहने के आसार हैं और बारिश कम होने की संभावना जताई जा रही है.
मौसम विभाग द्वारा सांझा की गई जानकारी के अनुसार दो दिन पहले भी शुक्रवार के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था, हालांकि नए बुलेटिन में कुछ ही स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है. हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में आज से अगले 72 घंटे तक हल्की धूप खिले रहने के आसार हैं. मौसम विज्ञान द्वारा शुक्रवार और शनिवार को कई क्षेत्रों में बारिश के आसार जताए गए हैं लेकिन किसी भी क्षेत्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. हालांकि, 4 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है.
मानसून ने मचाया था कहर
मिली जानकारी के अनुसार, 24 से 29 जून तक मानसून की मूसलाधार बारिश के दौरान कई कारणों से 20 लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग लापता हैं. इस दौरान कुल 36 लोग घायल हुए. इतना ही नहीं हिमाचल प्रदेश में हुई बारिश के कारण लगभग 219 करोड़ रुपए की सरकारी व निजी संपत्ति तबाह हो गई थी.



