Shimla Him-MSME Fest 2026:
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर हिम एमएसएमई फेस्ट (Him-MSME Fest) का भव्य शुभारंभ किया गया. यह फेस्ट 5 जनवरी तक चलेगा, जिसमें प्रदेश के स्थानीय उद्यमियों, स्टार्टअप्स, स्वयं सहायता समूहों और कारीगरों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का मंच मिला है. फेस्ट का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना, रोजगार के अवसर सृजित करना और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है.
Him-MSME Fest गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड –
इस एमएसएमई फेस्ट में 4 हजार 23 हस्तनिर्मित हिमाचली शॉल्स की भव्य प्रदर्शनी लगाई गई, जिसके जरिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया है. यह उपलब्धि हिमाचल की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा और कारीगरों की मेहनत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली मानी जा रही है.
शॉल, टोपी और की विदेशों में पहचान-
फेस्ट का उद्घाटन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग विभाग द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय एमएसएमई फेस्ट छोटे उद्योगों और कारीगरों के लिए एक बड़ा अवसर है. उन्होंने कहा कि हिमाचल की शॉल, टोपी और हस्तशिल्प देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी अलग पहचान बना चुके हैं और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज होना प्रदेश के लिए गर्व का विषय है.
छोटे उद्योगों को दे रही बढ़ावा-
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और सब्सिडी का अधिकतम लाभ उठाकर छोटे उद्योगों, स्टार्टअप्स और स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित कर रही है. सरकार का लक्ष्य स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग और बाजार तक पहुंच को बेहतर बनाना है, ताकि युवाओं और कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाया जा सके.
धर्मशाला और नालागढ़ मामलों पर बोले-
इस दौरान मुख्यमंत्री ने धर्मशाला की छात्रा की मौत के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि संबंधित प्रोफेसर को निलंबित कर दिया गया है और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है. जांच में तथ्य सही पाए जाने पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं नालागढ़ विस्फोट मामले पर मुख्यमंत्री ने बताया कि एनआईए और एफएसएल जांच कर रही है. बब्बर खालसा द्वारा जिम्मेदारी लेने के दावे को लेकर हिमाचल और पंजाब पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुटी हुई है.



