Haynana Weatehr Update Today:
हरियाणा में सुबह से ही घना कोहरा छाया है. (Haynana Weatehr Update) कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई और सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए. कई इलाकों में दृश्यता 20 से 30 मीटर तक सिमट गई. वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. राष्ट्रीय राजमार्गों और मुख्य सड़कों पर दिन में भी वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा.
कोहरे के चलते बसों, ट्रकों और अन्य यात्री वाहनों की रफ्तार धीमी रही. सोमवार यानी आज 5 जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अन्य जिलों के लिए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है. कोहरे का असर सोमवार को उत्तरी हरियाणा और जीटी रोड बेल्ट के हिस्सों में ही ज्यादा दिखाई देगा.
Haynana Weatehr Update; 5 जिलों के लिए अलर्ट-
मौसम विभाग ने उत्तरी हरियाणा के 5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल शामिल हैं. इसके अलावा मौसम विभाग ने पंचकूला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, भिवानी और चरखी दादरी के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इनमें हल्का कोहरा पड़ सकता है. जबकि मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी भी जारी की है. इन जिलों में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी जिले शामिल हैं.
यात्रा को लेकर जारी की एडवाइजरी-
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी सुबह और रात के समय घना कोहरा बने रहने की संभावना है. विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का प्रयोग करने की सलाह दी है. प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान सतर्क रहें और आवश्यक होने पर ही यात्रा करें. रेल सेवाएं भी कोहरे से प्रभावित रहीं और कई ट्रेनें देरी से अपने गंतव्य पर पहुंचीं. कड़ाके की ठंड और ठिठुरन से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया. बाजारों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोग आग तापते नजर आए.



