CM Yogi Delhi Gas Chamber:
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की राजधानी दिल्ली को ‘गैस चेंबर’ कहा है. उन्होंने कहा कि दिल्ली में ज़िंदगी ‘घुटन भरी’ हो गई है. एएनआई के मुताबिक़, योगी आदित्यनाथ ने यह बयान शनिवार, 14 फ़रवरी को गोरखपुर में दिया.
उन्होंने कहा, गोरखपुर में उद्योग लग रहे हैं इसलिए सफाई पर ध्यान देने की आवश्यकता है…. जनता का दायित्व है कि शुद्धता और स्वच्छता पर ध्यान दें, गंदगी न होने दें, कूड़ा सड़क पर न फेंके, सिंगल यूज़ प्लास्टिक को नालियों में मत डालिए, सड़क पर मत फेंकिए, उपयोग मत करिए. ये नुक़सानदेह है.
योगी ने कहा, दिल्ली में घुटन भरी ज़िंदगी हो गई है. ऐसे लगता है जैसे गैस चेंबर में हों. एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 से ऊपर है. दम घुटता है, आंखों में जलन होती है. सांस लेने में दिक़्क़त होती है. उन्होंने आगे कहा, डॉक्टर को बुज़ुर्गों, बीमारों और बच्चों को कहना पड़ता है कि घर से बाहर मत निकलिए. कितनी ख़राब स्थिति होती है. आज गोरखपुर में कितना शानदार माहौल है, कहीं कोई दिक़्क़त नहीं है. जहां मर्ज़ी घूमते रहिए.
राजधानी दिल्ली में सर्दियों के मौसम में प्रदूषण का स्तर काफ़ी ख़राब हो जाता है. इसको लेकर दिल्ली और केंद्र सरकार की आलोचना होती है. अलग-अलग सरकारें इस प्रदूषण के पीछे की अलग वजहें बताती हैं. दिल्ली में अभी सरकार बीजेपी की है, जिसकी वजह से प्रदूषण पर योगी आदित्यनाथ के बयान की चर्चा सोशल मीडिया पर काफ़ी हो रही है.
दिल्ली की विपक्षी पार्टी आम आदमी पार्टी ने योगी आदित्यनाथ के बयान के बाद प्रदूषण को लेकर सरकार पर निशाना साधा है.
हम आपसे पूरी तरह सहमत हैं योगी जी…
रेखा गुप्ता ने दिल्ली को गैस चैम्बर बना दिया है 😡 pic.twitter.com/dSgNpzxDLJ
— Aam Aadmi Party Delhi (@AAPDelhi) February 15, 2026
आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर योगी आदित्यनाथ के बयान का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी सरकार को प्रदूषण पर बुरी तरह एक्सपोज़ कर दिया.



