Bathinda Crime
बठिंडा के नामदेव रोड पर देर रात एक खौफनाक वारदात सामने आई है। सैपल होटल के नजदीक गली नंबर 4 में चार युवकों ने एक व्यापारी और उसके परिवार को निशाना बनाते हुए तेजधार हथियारों और पिस्तौल से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताई है।
लूट की नीयत से किया हमला
जानकारी के अनुसार गांधी मार्केट में किराने की दुकान चलाने वाले व्यापारी राज कुमार देर रात करीब 9:10 बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गली के मोड़ पर चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि लूट की नीयत से आए युवकों ने व्यापारी पर तेजधार दातों से हमला कर दिया। उनकी पीठ पर कई वार किए। व्यापारी के शोर मचाने पर आसपास के लोग और उनका बेटा सुमित मौके पर पहुंच गया। परिवार और स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए एक हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया। जबकि बाकी आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए।
.45 बोर पिस्तौल भी बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हमलावरों का मोटरसाइकिल और हथियार भी बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि पकड़े गए युवक के पास से .45 बोर पिस्तौल भी बरामद हुआ है। स्थानीय लोगों ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से लोग डर के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्कूटी छीनने की भी कोशिश
पुलिस को दिए बयान में राज कुमार (पीड़ित व्यापारी) ने बताया कि वह रात को दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। तभी चार युवकों ने उन्हें घेर लिया और कहा कि जो कुछ भी है निकाल दो। उनके पास दात थे और उन्होंने उनकी पीठ पर कई वार किए। शोर सुनकर उनका बेटा और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उनकी जान बच सकी। पीड़ित की पत्नी ने बताया कि हमलावरों ने उनके पति को बेरहमी से पीटा और उनके पास पिस्तौल भी थी। उन्होंने स्कूटी छीनने की भी कोशिश की। यदि उनका बेटा समय पर मौके पर नहीं पहुंचता, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
अन्य ख़बरें जानें-
Kalayat: कलायत में 1962 के युद्ध नायक शहीद करमचंद की प्रतिमा खंडित
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE



