अंबाला, 9 सितंबर
अंबाला छावनी में नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों, सीवरमैन और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल आज 35वें दिन भी जारी है। हड़ताली कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे हैं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
हड़ताली नेताओं की मांग है कि जब सरकार की ओर से कई विभागों के कर्मचारियों को पक्का किया जा रहा है, तो सफाई कर्मचारियों, सीवरमैन और दमकल कर्मचारियों को नियमित करने की मांग पर सरकार फैसला क्यों नहीं ले रही। कर्मचारियों का कहना है कि वे सालों से कच्ची नौकरी पर हैं और जोखिम भरा काम कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी सुध नहीं ले रही।
हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। नालियां जाम हैं और बदबू से लोगों का बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि सरकार को बातचीत के जरिए इस हड़ताल का जल्द हल निकालना चाहिए ताकि आम जनता को इस नारकीय जीवन से छुटकारा मिल सके।
वहीं इस पूरे मामले पर नगर परिषद अंबाला छावनी के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल का कहना है कि सरकार ने कर्मचारियों को जल्द हड़ताल तोड़ने का अल्टीमेटम दे दिया है। यदि कर्मचारी हड़ताल समाप्त नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ नियम अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कर्मचारियों से आग्रह किया कि वह सरकार द्वारा मानी गई मांगों के बाद अपनी हड़ताल समाप्त कर दें!
फिलहाल दोनों पक्ष अपनी-अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। देखना होगा कि सरकार और कर्मचारियों के बीच यह गतिरोध कब खत्म होता है और शहरवासियों को सफाई व्यवस्था से कब राहत मिलती है।
अन्य खबरें जानें-



