फरीदाबाद, 26 अक्टूबर
फरीदाबाद के सेक्टर-77 मेन रोड पर टैक्सी में मृत मिले ड्राइवर की हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 2 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कुंदन निवासी चांदपुर के रूप में हुई है। ACP क्राइम-2 वरुण कुमार दहिया ने बताया कि 25 अक्टूबर को सुबह सूचना मिली थी कि सेक्टर-77 मेन रोड पर खड़ी टैक्सी में ड्राइवर सीट पर एक व्यक्ति मृत पड़ा है। मृतक की पहचान KLJ सोसायटी निवासी प्रकाश (50) के रूप में हुई। परिजनों की शिकायत पर थाना BPTP में हत्या का केस दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक की 4 साल से जान-पहचान थी और दोनों टैक्सी चलाते थे। परमिट के पैसों को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर 24/25 अक्टूबर की रात जब दोनों गाड़ी में पार्टी कर रहे थे, तभी विवाद बढ़ने पर कुंदन ने टॉवल से गला घोंटकर प्रकाश की हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को काबू कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी को जल्द ही कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
अन्य खबरें जानें-



