5 जुलाई
महिला टी20 विश्व कप 2026 का आज लॉर्ड्स के मैदान में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जहां ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। टूर्नामेंट के साथ ही नया विश्व चैंपियन भी मिलेगा। इस बार ICC ने कुल इनामी राशि में पिछले संस्करण की तुलना में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है, जिससे सभी 12 टीमों को बड़ा आर्थिक लाभ मिलेगा।
इंग्लैंड 17 साल बाद दूसरी बार महिला टी-20 विश्व कप जीतने का सपना देख रहा है। इंग्लैंड ने साल 2009 में लॉर्ड्स में ही पहला खिताब जीता था।वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम और छह बार की चैंपियन सातवीं बार ट्रॉफी उठाकर अपना दबदबा कायम रखना चाहेगी। फाइनल में दोनों टीमों की यह चौथी भिड़ंत होगी। इससे पहले 2012, 2014 और 2018 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराया था।
पहली बार 12 टीमों ने लिया हिस्सा
महिला टी20 विश्व कप 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। पहली बार 12 टीमों ने इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया और ग्रुप चरण में 30 मुकाबले खेले गए, जो 2024 के मुकाबले 10 अधिक हैं। भारतीय टीम इस बार ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ सकी और सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गई।
कुल इनामी राशि में 10% की बढ़ोतरी
ICC ने इस बार कुल 8,764,615 अमेरिकी डॉलर (करीब 83.45 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि घोषित की है। यह 2024 के 7,958,077 अमेरिकी डॉलर (करीब 74 करोड़ रुपये) की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत अधिक है। विजेता टीम को 23,40,000 अमेरिकी डॉलर यानि कि करीब 22 करोड़ रुपये मिलेंगे। उपविजेता टीम को 11,70,000 अमेरिकी डॉलर यानि कि करीब 11 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी। सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमें को 6,75,000 अमेरिकी डॉलर यानि कि करीब 6.29 करोड़ रुपये प्रत्येक टीम को मिलेंगे।
टूर्नामेंट की कुल इनामी राशि बढ़ने से सभी भाग लेने वाली टीमों को पहले के मुकाबले अधिक आर्थिक लाभ मिलेगा। अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजर लॉर्ड्स के मैदान पर टिकी हई है, जहां कुछ ही घंटों में यह पता चलेगा कि इंग्लैंड 17 साल बाद चैंपियन बनेगा या ऑस्ट्रेलिया सातवीं बार विश्व विजेता बनकर इतिहास रचेगा।
अन्य खबरें जाने




