करनाल ,11 सितंबर
करनाल जिले के बसतली झील नहर में 9 सितंबर को बहे पिता-पुत्र के मामले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला मोड़ आया। तेज बहाव में बह गए 23 वर्षीय युवक मानसु का शव राजौंद के बीरबांगड़ा मार्ग स्थित नहर से ग्रामीणों की मदद से बरामद कर लिया गया, जबकि उसके 46 वर्षीय पिता सतनाम सिंह की तलाश अब भी जारी है।
दोनों मृतक गांव बीर बडालवा (करनाल) के रहने वाले थे। जवान बेटे का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।परिजनों ने बताया कि सतनाम सिंह और उनका बेटा मानसु मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। 9 सितंबर को दोनों खेतों में कीटनाशक स्प्रे करने के लिए दिहाड़ी पर गए थे। दवाई में मिलाने के लिए जब मानसु पास ही स्थित बसतली झील नहर से पानी लेने उतरा, तो अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गया।
सामने बेटे को डूबता देख पिता की ममता और बेबसी छलांग में बदल गई। सतनाम सिंह ने बिना सोचे-समझे बेटे को बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि दोनों बह गए। हादसे के बाद से ही बुधवार से परिजन और रिश्तेदार नहर के किनारों पर टकटकी लगाए बैठे थे। शुक्रवार को ग्रामीणों ने राजौंद के बीरबांगड़ा मार्ग के पास नहर में एक शव तैरता देखा, जिसे बाहर निकाला गया और तुरंत डायल 112 व स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया।
शिनाख्त करने पर शव मानसु का निकला।सूचना मिलते ही राजौंद पुलिस के जांच अधिकारी विकास कुमार और घटना क्षेत्र थाना निगदू (करनाल) के जांच अधिकारी पवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच अधिकारियों ने बताया कि पुत्र पानी भरते समय गिरा तो पिता ने बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी, तेज़ बहाव के कारण दोनों पिता पुत्र बह गए थे।
बेटे मानसु का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है, जिसे प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं, पिता सतनाम सिंह की तलाश के लिए नहर में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
अन्य खबरें जानें –


