अंबाला, 7 अगस्त
अंबाला शहर के दुर्गा नगर मुख्य सड़क पर बने गहरे गड्ढे ने एक 23 वर्षीय युवक की जान ले ली। सड़क पर बने गड्ढे की वजह से बाइक का संतुलन बिगड़ा और पीछे से आ रहे एक भारी वाहन ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद महिला घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी रोष देखने को मिला। मृतक की पहचान अजय के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सड़क पर बने गड्ढे से टकराई, जिससे चालक का बैलेंस बिगड़ गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे भारी वाहन ने युवक को कुचल दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद करीब एक घंटे तक शव को उठाने के लिए कोई भी प्रशासनिक टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए सड़क की बदहाल स्थिति और लंबे समय से गड्ढों की मरम्मत न होने को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई, जिसका खामियाजा अब एक परिवार को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा। मृतक की उम्र महज 23 वर्ष थी और उसकी शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी। इस दर्दनाक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अन्य खबरें जानें-


