जींद, 15 नवंबर
युवाओं को अपनी समृद्ध हरियाणवी संस्कृति से रूबरू कराने और जोड़ने के उद्देश्य से चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (CRSU) में आयोजित तीन दिवसीय ‘हरियाणा उत्सव‘ रंगारग कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ।समापन समारोह में प्रदेश के कैबिनेट एवं शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
जींद यूनिवर्सिटी के भव्य आयोजन की मंत्री ने की सराहना
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोक संगीत, प्राचीन वाद्य यंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए हरियाणवी जीवनशैली, खान-पान और लोक परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन किया। इस मौके पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम की सराहना करते हुए शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा ने कहा कि पहले प्रदेश स्तर पर ऐसे बड़े सांस्कृतिक आयोजन मुख्य तौर पर केवल कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी और MDU रोहतक में ही देखने को मिलते थे। जींद की इस यूनिवर्सिटी ने इस तरह के भव्य आयोजन का सफल जिम्मा उठाकर एक नया और सराहनीय कदम उठाया है।
यूनिवर्सिटी की लंबित भर्ती जल्द होगी पूरी
शिक्षा मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण अंचल की हमारी पुरानी परंपराएं और परिपाटियां नई पीढ़ी के सामने जीवंत होकर उभरती हैं।विश्वविद्यालय में रेगुलर और शोध से जुड़ी लंबित भर्तियों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री महिपाल सिंह ढांडा ने स्पष्ट किया कि सरकार इस पूरे मामले से पूरी तरह अवगत है। जल्द ही इन भर्तियों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा ताकि शोध कार्यों और शैक्षणिक व्यवस्था को और गति मिल सके।कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र-छात्राओं को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
अन्य खबरें जानें –



