कलायत, 3 अगस्त
कलायत के गांव बात्ता में रविवार की रात चोरों ने बेखौफ होकर आतंक मचाते हुए मुख्य बाजार की तीन दुकानों के ताले तोड़कर हजारों रुपए की नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने श्रीराम स्वीट्स हाउस, आदित्य राणा करियाना स्टोर और विनोद खल भंडार को अपना निशाना बनाया। एक साथ तीन दुकानों में हुई इस दुस्साहसिक वारदात से दुकानदारों और ग्रामीणों में दहशत व रोष का माहौल है।
दुकानदार प्रवीण राणा ने बताया कि वे रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर गए थे। उन्हें सुबह करीब 4 बजे मंडी जाना होता है, जिसके चलते लगभग 40 हजार रुपए की नकदी दुकान में रखी थी। चोरों ने किराना स्टोर के शटर उखाड़कर काउंटर में रखी नकदी के अलावा करीब 30 हजार रुपए कीमत के काजू, बादाम और देसी घी चुरा लिया।
इसके साथ ही, चोरों ने श्रीराम स्वीट्स हाउस से गल्ले में रखी 5 हजार रुपए की नकदी और दुकान में रखे गौशाला के दानपात्र से करीब 4 हजार रुपए उड़ा लिए। वहीं, विनोद खल भंडार के संचालक विनोद राणा ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर खुला मिला और काउंटर से करीब 5 हजार रुपए गायब मिले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और कलायत CIA टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित दुकानदारों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
अन्य खबरें जानें –


