लाहौल-स्पीति, 28 जुलाई
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के जाहलमा नाले पर बन रहे नए पुल का लॉन्चिंग कार्य अब अंतिम चरण में पहुँच गया है। सीमा सड़क संगठन (BRO) की मेहनत के बाद अगले दो दिनों में पुल की लॉन्चिंग पूरी होने की उम्मीद है। इसी के साथ संसारी–तांदी–तिंदी मार्ग पर करीब 14 पंचायतों के हजारों लोगों और पांगी–किलाड़ क्षेत्र के निवासियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है।
यह मार्ग पिछले दो महीनों से क्षतिग्रस्त पुल के कारण प्रभावित था, जिससे बड़े वाहनों और बसों की आवाजाही बाधित रही। 26 मई को भारी भू-स्खलन की चपेट में आने से जाहलमा पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद संसारी–तांदी–तिंदी मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नकदी फसलों के परिवहन से लेकर रोजमर्रा की आवाजाही तक हर क्षेत्र प्रभावित हुआ। हालांकि सीमा सड़क संगठन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया, जिससे किसानों की सब्जियों और अन्य नकदी फसलों को समय पर बाजार तक पहुँचाने में काफी राहत मिली।फिर भी वैकल्पिक मार्ग बड़े वाहनों और बसों के लिए उपयुक्त नहीं होने के कारण कई नियमित बस सेवाएं बंद करनी पड़ीं। इससे स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
नए पुल का निर्माण तेजी से अपने अंतिम चरण में है और लॉन्चिंग का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार अगले दो दिनों में यह महत्वपूर्ण चरण पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद पुल को यातायात के लिए तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
अन्य खबरें जानें –

