ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया: बॉलीवुड की ‘रूप की रानी’ श्रीदेवी का आज मुंबई में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब में रखा गया है। 12:30 बजे तक श्रीदेवी को अंतिम विदाई दी जाएगी । इसके बाद दोपहर 3.30 से 5.30 बजे के बीच में विले पार्ले के पवन हंस शमशान गृह में अंतिम संस्कार किया जाएगा ।
अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत के बाद से उठ रहे सारे सवालों पर विराम लग गया है । मंगलवार दोपहर को दुबई में सरकारी वकील ने केस बंद कर शव भारत ले जाने की इजाजत दे दी थी । इसके साथ ही जांच के बाद दुबई पुलिस ने श्रीदेवी के पति बोनी कपूर को भी क्लीन चिट दे दी है । श्रीदेवी की फोरेंसिक रिपोर्ट में इसे ‘एक्सीडेंटल ड्राउनिंग’ यानी ‘दुर्घटनावश डूबना’ लिखा गया है । उनका शनिवार की रात को दुबई के एक होटल में निधन हो गया था । वो एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने यहां आई थीं ।
बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी का पार्थिव शरीर कल दुबई से मुंबई पहुंचा था । विमान करीब रात 9 बजकर 28 मिनट पर एयरपोर्ट पर उतरा । बता दें कि 13 सीटों वाले विमान में 11 लोग आए हैं, जिनमें 6 लोग परिवार के थे ।
श्रीदेवी के परिवार की तरफ से जारी बयान के मुताबिक आज सुबह 9.30 बजे से 12.30 बजे तक का वक्त अंतिम दर्शन के लिए तय किया गया है । इसके बाद दोपहर दो बजे उनकी शव यात्रा विले पार्ले के सेवा समाज शवदाह गृह के लिए रवाना होगी । वहीं, दोपहर 3.30 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा ।



