फरीदाबाद,13 अगस्त
फरीदाबाद में पुलिस ने 15 अगस्त को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर GRP पुलिस की ओर से रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत बल्लभगढ़, न्यू टाउन, ओल्ड फरीदाबाद, असावटी और पलवल रेलवे स्टेशनों पर पुलिस टीम ने यात्रियों और उनके सामान की जांच की।
चेकिंग के दौरान स्टेशन पर बैठे यात्रियों के बैग और अन्य सामान की जांच की गई। इसके अलावा ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों के सामान को भी चेक किया गया। पुलिसकर्मियों ने कई ट्रेनों के अंदर जाकर भी यात्रियों के सामान की जांच की। किसी तरह का संदिग्ध सामान मिलने पर उसकी गहनता से जांच की गई।
सुरक्षा जांच में डॉग स्क्वायड की टीम की भी मदद ली गई। GRP की ASI ने बताया कि 15 अगस्त के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। चेकिंग अभियान में GRP के साथ RPF के जवान भी शामिल हैं। पुलिस का उद्देश्य है कि कोई असामाजिक तत्व स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी तरह की गलत गतिविधि को अंजाम न दे सके।
GRP पुलिस ने बताया कि यात्रियों से भी अपील की जा रही है कि वे ट्रेन में सफर करते समय किसी अनजान व्यक्ति का सामान अपने साथ न रखें और कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस टीम करीब हर एक घंटे में स्टेशन और ट्रेनों में चेकिंग कर रही है। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म पर चार पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। GRP पुलिस का कहना है कि यात्रियों की यात्रा सुरक्षित और सुगम रहे, यही पुलिस की प्राथमिकता है।
अन्य खबरें जानें –


