फरीदाबाद , 8 सितंबर
फरीदाबाद में सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। फरीदाबाद के सेक्टर-3 स्थित हुड्डा मार्केट के पास कई दिनों से कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जगह-जगह कूड़ा जमा हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सफाई कर्मचारी पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। इसके चलते सेक्टर-3 में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है और हुड्डा मार्केट के आसपास कूड़े का अंबार लगा हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़े से लगातार बदबू आती रहती है, जिसके कारण यहां से गुजरने वाले लोगों को मुंह पर कपड़ा बांधकर निकलना पड़ता है। लोगों को आशंका है कि लंबे समय तक कूड़ा जमा रहने से बीमारियां फैल सकती हैं।
वहीं, कूड़े के आसपास बड़ी संख्या में आवारा पशुओं का जमावड़ा भी देखने को मिल रहा है। लोगों का आरोप है कि आवारा पशुओं के कारण आए दिन कोई न कोई हादसा होने का खतरा बना रहता है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, कूड़े के ढेर से थोड़ी ही दूरी पर सरकारी स्कूल भी स्थित है। यहां से स्कूली बच्चों का लगातार आना-जाना रहता है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी अभिभावक चिंतित हैं।
लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद फरीदाबाद नगर निगम की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से जल्द से जल्द कूड़े के ढेर उठवाने और क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
अन्य खबरें जानें –



