भिवानी, 31 अक्टूबर
पूरे देश में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जा रही है।इसी कड़ी में भिवानी के भीम स्टेडियम में जिला प्रशासन की ओर से रन फॉर यूनिटी मैराथन का आयोजन किया गया,जिसका थीम एकता और नशा मुक्त भारत रखा गया था।
500 युवाओं में दिखा जोश
भीम स्टेडियम में सुबह एकता की दौड़ शुरू हुई। देशभक्ति का जज्बा लिए 500 से ज्यादा युवा, खिलाड़ी और जिला प्रशासन के अधिकारी एक साथ दौड़े। ये मैराथन भीम स्टेडियम से शुरू होकर बासिया भवन, हांसी गेट, पुराना बस स्टैंड, चिड़ियाघर रोड़ से होते हुए वापस भीम स्टेडियम में आकर सम्पन्न हुई। लगभग 3 किलोमीटर की इस दौड़ में युवाओं का जोश देखने लायक था।
अधिकारी और युवा कंधे से कंधा मिलाकर दौड़े
इस मौक़े पर ADC दीपक बाबूलाल करवा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने 562 रियासतों को जोड़कर देश को एक करने का काम किया। आज की इस रन फॉर यूनिटी से हम दो संदेश देना चाहते हैं – पहला विविधता में एकता और दूसरा नशा मुक्त भारत है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि बच्चे दौड़ के प्रति आकर्षित हों और नशे से दूर रहें। इस दौरान युवा ही नहीं, प्रशासन के अधिकारी भी युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर दौड़ते नजर आए।
नशा मुक्त भारत का दिया संदेश
सभी ने एक स्वर में भारत को एकजुट रखने और युवाओं को नशे से बचाने की शपथ ली।इस मौके पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि सरदार पटेल को यूं ही भारत का लौह पुरुष नहीं कहा जाता, उनके प्रयासों से ही आज भारत एक है। वहीं वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने पर भी देशभक्ति के नारे गूंजे।भिवानी में इस रन फॉर यूनिटी ने युवाओं में एक नई ऊर्जा भर दी और एकता और नशा मुक्त भारत का मजबूत संदेश दिया।
अन्य खबरें जानें –
दिल्ली में दिलजीत का धमाका, JLN स्टेडियम में गूंजे’दिलजीत…दिलजीत’ के नारे



