हांसी, 14 जुलाई
हांसी जिले के गांव चैनत के पेयजल आंदोलन के बीच अब शहरवासी भी खुलकर मैदान में उतर आए हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्रित होकर उपायुक्त के माध्यम से सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। शहरवासियों ने स्पष्ट कहा कि वे ग्रामीणों को पानी दिए जाने के विरोध में नहीं हैं, लेकिन शहरी पेयजल पाइपलाइन में टी-कनेक्शन लगाकर पानी देने का कड़ा विरोध करते हैं।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि यदि गांवों को पानी उपलब्ध कराना है तो सरकार अलग पाइपलाइन बिछाए, ताकि शहर की पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए धरना-प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।पार्षद प्रतिनिधि अजय सैनी ने कहा कि शहर का पानी शहरवासियों का अधिकार है और किसी भी कीमत पर शहर की जलापूर्ति प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने सरकार से ग्रामीणों के लिए अलग पाइपलाइन की व्यवस्था करने की मांग की।
व्यापार मंडल प्रधान बजरंग बंसल ने कहा कि शहर में पहले से ही पानी की आपूर्ति सीमित है। ऐसे में शहरी पाइपलाइन से अतिरिक्त कनेक्शन देने पर शहरवासियों को पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि उपायुक्त के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में निष्पक्ष निर्णय लेने की मांग की गई है।
अन्य खबरें जानें –

