यमुनानगर , 14 जुलाई
यमुनानगर में CIA -2 और वांछित बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान चार मे से तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार चारों आरोपी पहले से दर्ज एक लूट के मामले में वांछित और इनामी थे। पुलिस का दावा है कि बदमाशों ने पहले फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार थाना रादौर में दर्ज FIR नंबर 133/2026 के तहत लूट और आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार आरोपी संदीप और नीरज सात दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। पूछताछ के दौरान उनके साथियों रवि निवासी इंद्री, सतबीर निवासी गन्नौर (सोनीपत), पवन उर्फ पुन्ना और प्रवीण के बारे में जानकारी मिली थी। इसी सूचना के आधार पर CIA -2 की टीम ने रादौर के कंजनू नहर पुल के पास नाकाबंदी की। इस दौरान चारों आरोपी वहां पहुंचे और पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रवि, सतबीर और पवन उर्फ पुन्ना के पैर में गोली लगी, जबकि प्रवीण को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बदमाशों की गोली पुलिस कर्मचारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। घायल तीनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हथियारों की बरामदगी सहित पूरे मामले की जांच में जुटी है।
डीएसपी यमुनानगर ने बताया कि “हमें सूचना मिली थी कि इस मामले में वांछित चार आरोपी रादौर क्षेत्र में आने वाले हैं। CIA -2 और थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। हमारे पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं। आरोपियों से हथियारों और अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
अन्य खबरें जानें –

