ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा के बिजली, जेल, नवी एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह ने महाराजा सूरजमल को नमन करते हुए कहा कि देश के इतिहास में उनका बड़ा नाम है। समाज के अग्रज के रूप में उनकी सोच व संस्कार को जिंदा रखना हम सबका कर्तव्य है। उन्होंने यह बात बुधवार को पलवल की जाट धर्मशाला में महाराजा सूरजमल की 313वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। पलवल जिला में पहुंचने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों व पालों द्वारा बिजली मंत्री का पगड़ी बांध कर, फूलमालाओं, शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया।
महाराजा सूरजमल का भारतीय इतिहास में गौरवशाली योगदान रहा
रणजीत सिंह ने कहा कि महाराजा सूरजमल इतिहास में वीर राजा हुए है और उनके शौर्य का लोहा पूरी दुनिया मानती है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. माधवरा सिंधिया व कंवर नटवर सिंह से जुड़े संस्मरणों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि महाराजा सूरजमल का भारतीय इतिहास में गौरवशाली योगदान रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे लोगों से अपील करते हुए कहा कि महाराजा सूरजमल के प्रति हमारी सच्ची श्रद्घांजलि यहीं होगी कि अब हम आने वाली पीढ़ी की शिक्षा पर फोकस करें।
युवाओं को पढ़ाई-लिखाई पर विशेष फोकस करना चाहिए
बिजली मंत्री ने पलवल के शहीद वीर कान्हा रावत को नमन करते हुए कहा कि.,इस धरती की मिट्टी को माथे पर लगाकर मैं प्रणाम करता हूं। इस धरती से उनका पुराना लगाव रहा है। उन्होंने युवा पीढ़ी को लेकर कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह से अपील करते हुए कहा कि.जिस प्रकार हरियाणा का युवा खेल-कूद व सेना में आगे रहता है। उसी तरीके से अब पढ़ाई-लिखाई पर विशेष फोकस करना चाहिए ताकि हमारे लडक़े-लड़कियां देश की प्रमुख सेवाओं में बढ़-चढ़ कर उच्च पदों पर आगे आए।
