दिल्ली, 3 अगस्त
देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से लोगों का जनजीवन प्रभावित है। उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर लैंडस्लाइड हो गया। बिहार और झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई है।
उत्तराखंड में हुई लैंडस्लाइड
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में लैंडस्लाइड के चलते यमुनोत्री नेशनल हाईवे कई स्थानों पर बंद हो गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ में टूटा पुल
छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के चलते बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर एक पुल दो हिस्सों में टूट गया। हादसे के समय पुल से गुजर रही एक यात्री बस बीच में फंस गई। राज्य में आज भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
UP में नदियां उफान पर
उत्तर प्रदेश में पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। गंगा, घाघरा और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। बिजनौर में गंगा का पानी छह गांवों में घुस गया है, जिससे कई सड़कों पर नाव चलानी पड़ रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि गोरखपुर और सीतापुर समेत 18 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
हरियाणा में मानसून फिर सक्रिय
हरियाणा में भी मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
वहीं, रविवार को बिहार के बांका और झारखंड के अलग-अलग इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने से कुल 10 लोगों की मौत हो गई। पटना समेत बिहार के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार आज से अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मानसून कमजोर रहने की संभावना है।
अन्य खबरें जानें –



