देशभर में बारिश का कहर जारी, बिहार-बंगाल में आकाशीय बिजली से 11 की मौत, कई राज्यों में बाढ़ और लैंडस्लाइड का संकट

दिल्ली, 4 अगस्त देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। बिहार और पश्चिम बंगाल राज्य में सोमवार…

बारिश

दिल्ली, 4 अगस्त

देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। बिहार और पश्चिम बंगाल राज्य में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। मृतकों में बिहार के अलग-अलग जिलों के 7 और पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के 4 लोग शामिल हैं।

उत्तराखंड में बद्रीनाथ हाईवे बंद

उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ हाईवे पर भूस्खलन होने से सड़क पर मलबा और बड़े पत्थर आ गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हाईवे बंद होने के कारण करीब 200 यात्री सोमवार रात से रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे के एक हिस्से में दरारें पड़ने और सड़क धंसने से आवाजाही प्रभावित हुई है।

पश्चिम बंगाल में बिजली गिरने से चार लोगों की मौत

पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में जगतबल्लवपुर, आमता और बगनान क्षेत्रों में बिजली गिरने से चार किसानों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

बिहार में बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत

बिहार में भी आकाशीय बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो गई।मृतकों में दो छात्र और एक मां-बेटा शामिल हैं। मौसम विभाग ने बिहार के 34 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट और वैशाली, समस्तीपुर तथा दरभंगा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

UP के सभी जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश राज्य में मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है।मौसम विभाग UP के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिनमें 72 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। गंगा, घाघरा और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। बिजनौर के छह गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

हरियाणा में दुकाने में भरा पानी

हरियाणा के अंबाला, झज्जर, रेवाड़ी और जींद में बारिश से कई सड़कें जलमग्न हो गईं और दुकानों में पानी भर गया। हालांकि लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मध्य प्रदेश अगले 2 दिन बारिश के आसार नहीं

मध्य प्रदेश में 4 और 5 अगस्त को भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन 6 अगस्त से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से फिर तेज बारिश का दौर शुरू होने का अनुमान है। राज्य में 1 जून से अब तक सामान्य से 16 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

 छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय

छत्तीसगढ़ में आज से मानसून फिर सक्रिय हो गया है। अगले तीन दिनों तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कई स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

हिमाचल प्रदेश के कईं जिलों में बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में अगले छह दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी समेत कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कई राज्यों में मानसून और सक्रिय रहेगा। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

 अन्य खबरें जानें-

जनगणना 2027 का दूसरा चरण 17 अगस्त से शुरू , पहली बार दर्ज होगी जाति की जानकारी, पहाड़ी क्षेत्रों से होगी शुरुआत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *