Punjab Weather Update: उत्तर भारत में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है.दिन भर ठंड की मार झेल रहे पंजाब के कई जिलों में रात में पारा और भी गिर जाता है. शीतलहर का असर पंजाब के साथ-साथ पूरे उत्तर भारत में देखने को मिल रहा है. जनवरी की शुरुआत कोहरे के साथ हुई है, जो 6 जनवरी तक जारी रहेगी. मौसम विभाग ने आज 15 जिलों में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि पूर्वी और पश्चिमी मालवा के अन्य इलाकों में येलो अलर्ट जारी है.
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब के संगरूर, पटियाला, मोहाली, लुधियाना, रूपनगर, शहीद भगत सिंह नगर, मोगा, फिरोजपुर, जालंधर, तरनतारन, कपूरथला, होशियारपुर, अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट में आधी रात के बाद से कोहरे का असर दिख रहा है. इसके साथ ही आज भी पूरे पंजाब में सूर्योदय के आसार नहीं हैं, जिससे दिन और रात के तापमान में ज्यादा अंतर नहीं होगा.
इसके साथ ही मौसम विभाग ने 6 जनवरी को कोहरा, 7 जनवरी के बाद बादल छाए रहने और 9 जनवरी को बारिश का अलर्ट जारी किया है. घने कोहरे के कारण सुबह के समय हर जगह दृश्यता शून्य है. इसके चलते यहां आने वाली फ्लाइट्स 2 से 6 घंटे की देरी से पहुंच रही हैं. इतना ही नहीं, कोहरे के कहर के कारण 25 से ज्यादा ट्रेनें पंजाब में देरी से पहुंचीं. रेलवे विभाग के अधिकारियों के मुताबिक ज्यादातर ट्रेनें चार से पांच घंटे की देरी से चल रही हैं. इसके साथ ही चंडीगढ़ एयरपोर्ट से 40 उड़ानें 20 मिनट से लेकर चार घंटे तक की देरी से उड़ीं. इसके अलावा सुबह 5:55 बजे पुणे जाने वाली फ्लाइट भी रद्द करनी पड़ी.



