जालंधर , 17 जुलाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर का दौरा किया। जहां पर प्रधानमंत्री ने राज्य को 5,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया तथा नई रेल सेवाओं को हरी झंडी भी दिखाई।
प्रधानमंत्री ने अमृतसर से वाराणसी तक चलने वाली नई एक्सप्रेस ट्रेन को रवाना किया। वहां पर उन्होने डेरा सचखंड बल्लां के संत निरंजन दास से आशीर्वाद लिया। जनसभा को संबोधित करने से पहले प्रधानमंत्री ने किसान नेताओं की पहचान वाली हरी पगड़ी पहनी।कार्यक्रम में विक्रमजीत साहनी, हरभजन सिंह और अशोक मित्तल भी मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधन करने की शुरूआत प्रधानमंत्री ने पंजाबी भाषा में की। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरु-पीरों की धरती है यहां आकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज अमृतसर से काशी के बीच नई रेल सेवा शुरू होने से गुरु रविदास के श्रद्धालुओं की यात्रा और आसान होगी। उन्होंने सरदार तेजा सिंह समुंद्री की 100वीं शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
उन्होंने जालंधर कैंट, आनंदपुर साहिब और मुक्तसर साहिब रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि ये स्टेशन केवल रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि आधुनिक सिटी सेंटर के रूप में विकसित किए गए हैं। इन परियोजनाओं से स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे कारोबारियों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने सिख विरासत और महापुरुषों के सम्मान के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।उन्होंने बताया कि आदमपुर एयरपोर्ट का नाम गुरु रविदास महाराज और मोहाली एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा गया है।
खेल क्षेत्र का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जालंधर देश की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने युवाओं से खेलों से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि हाल ही में न्यूजीलैंड दौरे के दौरान खेल क्षेत्र में पांच बड़े समझौते हुए हैं, जिससे भारतीय खिलाड़ियों और खेल उद्योग को नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार पंजाब के युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने हरियाणा के जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और चंडीगढ़ में 10 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने घोषणा की कि चंडीगढ़ में नए MBBS कॉलेज को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही वहां पढ़ाई शुरू होगी।
अन्य खबरें जानें –



