अमृतसर, 27 अक्टूबर
अमृतसर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल द्वारा नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया जाया गया । इस विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान उनके साथ अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण किया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों का जायजा लिया।
हुड़दंगियों पर नकेल कसने को नाकाबंदी
निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि तरनतारन, नकोदर, अजनाला और गुरदासपुर की तरफ से आने वाले वाहनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अक्सर यह शिकायतें मिलती हैं कि बाहरी क्षेत्रों से बाजारों में आने वाले कुछ लोग हुड़दंग बाजी ज्यादा करते हैं। ऐसे असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों पर नकेल कसने के लिए इलाकों में मजबूत नाकाबंदी की गई है।बाहरी जिलों से आने वाली गाड़ियों की गहनता से जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान काटने के साथ-साथ उन्हें इंपाउंड भी किया जा रहा है।
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की चेकिंग
इसके अलावा यह भी विशेष रूप से चेक किया जा रहा है कि कोई चालक शराब पीकर गाड़ी तो नहीं चला रहा है।पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि शहर में किसी भी प्रकार की शरारत या अमन-कानून को भंग करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। विशेष तौर पर टू-व्हीलर चालकों और संदिग्ध गतिविधियों वाले लोगों की कड़ी चेकिंग की जा रही है। यदि कोई भी व्यक्ति नियमों को ताक पर रखकर माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कानूनी तौर पर बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी और कड़ी सजा सुनिश्चित की जाएगी।



