अमृतसर, 27 अक्टूबर
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस मामले में चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो युवा और दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, संदिग्धों के पास से अलग-अलग कैलिबर की कुल 16 पिस्तौलें, जिंदा कारतूस और एक चोरी की एक्टिवा स्कूटर बरामद की गई है।
16 पिस्तौलें और जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि इस गिरोह के तार पाकिस्तान में बैठे तस्करों से जुड़े हैं। मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 16 पिस्तौलें बरामद की हैं, जिनमें तीन 9mm ग्लॉक पिस्तौलें, कई तरह की .30-बोर पिस्तौलें और एक देसी .32-बोर पिस्तौल शामिल है। इसके अलावा, जिंदा कारतूस और एक चोरी की एक्टिवा स्कूटर भी जब्त की गई है।
पुलिस की एक महीने में 5वें गिरोह पर कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के मुताबिक, शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि गिरोह के सदस्यों ने सोशल मीडिया के जरिए सीमा पार के तस्करों से संपर्क किया था। पुलिस का आरोप है कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड पाकिस्तान में मौजूद आपराधिक तत्वों से जुड़ा था, जिनसे हथियार मंगाए जाते थे। इन दावों की जांच चल रही है। पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया कि पिछले एक महीने में कमिश्नरेट पुलिस ने पांचवें गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की है।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। इस मामले के सिलसिले में पुलिस की टीमें दूसरे राज्यों में भी भेजी गई हैं। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया के जरिए संपर्क करने वाले अनजान लोगों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के बारे में पुलिस को सूचित करें।
अन्य खबरें जानें-
Amritsar में पुलिस कमिश्नर ने चलाया नाइट डोमिनेशन अभियान, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा



