न्यूज इंडिया/लिविंग इंडिया : कुछ सालों से देखा जा रहा है कि देश में लोकसभा चुनाव हों या विधानसभा चुनाव, किसी ना किसी का ऑडियो और वीडियो वायरल होता रहता है। इसका मकसद चुनाव में लाभ लेने का रहता है। अगर गुजरात की बात करें तो एक दिन पहले ही चुनाव आयोग ने गुजरात विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा की। आयोग ने दो चरणों में 9 और 14 दिसंबर को मतदान की जबकि 18 दिसंबर को मतगणना की तिथि रखी है। चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन एक ऑडियो क्लिप लीक हुआ है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसी गोहिल नामक कार्यकर्ता से बात करते सुनाई पड़ रहे हैं।
दरअसल, इंडिया टुडे चैनल ने एक ऑडियो क्लिप जारी किया है, जिसमें पीएम मोदी और गोहिल नामक कार्यकर्ता आपस में बातचीत कर रहे हैं। क्लिप में मोदी दिवाली की बधाई देते हुए कार्यकर्ता का हाल-चाल लेते हैं। आगे वडोदरा की बात होती है। क्लिप में मोदी कहते हुए सुनाई देते हैं ‘वडोदरा का मैं आभारी हूं। तुम अभी भी स्टेशनरी की दुकान चलाते हो या कुछ नया शुरू किया है?’ इस सवाल के जबाव में दूसरे तरफ से जवाब आता है कि ‘मैं और मेरी बीवी खांडेरव मार्केट में व्रज सिद्धि टॉवर के पास स्टेशनरी शॉप चला रहे हैं। मुझे याद है मैंने आपको एक रोड शो के दौरान राज महल रोड पर देखा था।’
फिर गोहिल मोदी से कहता है कि गुजरात में कांग्रेस की तरफ से कई बुरी बातें फैलाई गई हैं। जिस पर मोदी का जवाब होता है कि ‘जन संघ की शुरुआत से ही उन्हें गालियां दी गई हैं।’ मोदी आगे कहते हैं ‘गालियां और जूता तो तभी से हमारी किस्मत में लिखा है जबसे हम राजनीति में आए। हम अब तक इतना कुछ बर्दाश्त करते रहे इसलिए मेरी सलाह है कि इन पर ध्यान न दो।’ मोदी ने यह भी कहा कि ‘मुझे मौत का सौदागर तक कह दिया गया। पहले कानोंकान अफवाह फैलानी पड़ती थी, अब व्हाट्सएप से आसानी से फैल जाता है। फालतू की बातों पर ध्यान न दिलाओ। सच्ची बात पहुंचाने पर जोर लगाओ।‘
(लिविंग इंडिया न्यूज वेबसाइट ऑडियो क्लिप की पुष्टि नहीं करता है।)
