Jammu-Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के 4 जिलों में पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी, भारतीय सेना ने दिया करारा जवाब

Jammu-Kashmir Terror Attack News: पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के चार सीमावर्ती जिलों के कई सेक्टरों में नियंत्रण रेखा (LOC) और अंतर्राष्ट्रीय सीमा (IB) पर बिना…

Jammu-Kashmir Terror Attack News: पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के चार सीमावर्ती जिलों के कई सेक्टरों में नियंत्रण रेखा (LOC) और अंतर्राष्ट्रीय सीमा (IB) पर बिना उकसावे के गोलीबारी की, जिसका भारतीय सुरक्षा बलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया.

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के निकट परगलवाल सेक्टर तथा राजौरी जिले के सुंदरबनी और नौशेरा सेक्टरों में छोटे हथियारों से गोलीबारी की खबर मिली है. 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच पाकिस्तान ने लगातार छठी रात नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया.

जम्मू में एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, “29 और 30 अप्रैल की मध्य रात्रि को पाकिस्तानी सैन्य चौकियों ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों में नियंत्रण रेखा के पार छोटे हथियारों से बिना उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी।”

कश्मीर घाटी के बारामूला और कुपवाड़ा जिलों में नियंत्रण रेखा (LOC) और परगल सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा (IB) पर पाकिस्तानी चौकियों से छोटे हथियारों से बिना उकसावे के गोलीबारी की इसी तरह की घटनाएं सामने आई हैं.

सबसे पहले कुपवाड़ा और बारामूला जिलों में गोलीबारी शुरू हुई और फिर पुंछ और अखनूर सेक्टरों में गोलीबारी हुई. इसके बाद राजौरी जिले के सुंदरबनी और नौशेरा सेक्टर में भी गोलीबारी की घटनाएं हुईं, जिसके बाद जम्मू के परगाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी हुई.

पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले (जिसमें 26 लोग मारे गए थे) के बाद 24 अप्रैल की रात को भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित करने के बाद से पाकिस्तानी सैनिक जम्मू-कश्मीर और कश्मीर घाटी में नियंत्रण रेखा के पास कई स्थानों पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर रहे हैं.

बता दें भारत, पाकिस्तान के साथ 3,323 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करता है, जिसमें गुजरात से जम्मू के अखनूर तक लगभग 2,400 किलोमीटर लंबी अंतर्राष्ट्रीय सीमा (आईबी), जम्मू से लेह तक 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा (एलओसी) और सियाचिन सेक्टर में 110 किलोमीटर लंबी वास्तविक जमीनी स्थिति रेखा (एजीपीएल) शामिल है.

खबरो के लिए जुड़े रहिए Living India News के साथ 24/7 live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *