नूंह, 11 अगस्त
नूंह पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत बिछौर थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश वसीम पुत्र खुर्शीद उर्फ खुसी निवासी बिछौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को नीमका-बिछौर रोड से गुप्त सूचना के आधार पर काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई नूंह एसपी डॉ. अर्पित जैन के नेतृत्व में थाना प्रभारी सुखबीर यादव की टीम ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि इनामी बदमाश वसीम क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी सुखबीर यादव के मुताबिक वसीम के खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। अवैध हथियार बरामद होने के बाद बिछौर थाने में उसके खिलाफ नौवां मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ नूंह जिले में छह मामले दर्ज हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में भी उसके खिलाफ दो मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। इनमें कोसी थाना क्षेत्र का मामला भी शामिल है, जहां आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ दर्ज कुछ मामलों में वह जमानत पर चल रहा था, जबकि अन्य मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क, बरामद हथियार के स्रोत और अन्य वारदातों में उसकी संभावित भूमिका के बारे में जानकारी जुटा रही है।
अन्य खबरें जानें –


