कैथल में 24 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर करी आत्महत्या, सुसाइड नोट में पति समेत ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

कैथल, 11 अगस्त कैथल शहर के पुंज मोहल्ले में करीब 24 वर्षीय विवाहिता ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले मृतका…

कैथल

कैथल, 11 अगस्त

कैथल शहर के पुंज मोहल्ले में करीब 24 वर्षीय विवाहिता ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले मृतका ने दो पन्नों का सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने तथा दहेज के लिए परेशान करने के आरोप लगाए हैं।

मामले में मृतका के परिजनों की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मृतका के मामा बजरंग राज ने बताया कि उनकी भांजी ज्योति की शादी नवंबर 2025 में नवीन नामक युवक के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी में उन्होंने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार दान-दहेज दिया था।

आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ज्योति को दहेज की मांग को लेकर परेशान किया जाने लगा। परिजनों का कहना है कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर ज्योति ने यह कदम उठाया।

सुसाइड नोट में बयां किया दर्द

मृतका द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में उसने अपनी परेशानी और मानसिक पीड़ा का जिक्र किया है। परिजनों के अनुसार, ज्योति ने लिखा कि उसके गरीब माता-पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर शादी में सब कुछ दिया, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की दहेज की मांग खत्म नहीं हुई।सुसाइड नोट में ज्योति ने कथित तौर पर लगातार मिल रही मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना को अपनी मौत का कारण बताया है। उसने अपने दर्द को बयां करते हुए लिखा कि उसका सब कुछ छिन गया। साथ ही उसने गरीब परिवारों और उनकी बेटियों को न्याय मिलने को लेकर भी सवाल उठाए।

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस से मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, वे चुप नहीं बैठेंगे।

पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला किया दर्ज

शहर थाना के जांच अधिकारी महीपाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर रैली गोदाम निवासी नवीन बंसल सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुसाइड नोट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 अन्य खबरें जानें –

नूंह पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश वसीम को किया गिरफ्तार, अवैध कट्टा बरामद ,पहले आपराधिक रिकार्ड

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *