ऑनलाइन डेस्क/लिविंग इंडिया न्यूज: हरियाणा विधानसभा चुनाव में नामांकन का दौर जारी है, नामांकन के पांचवे दिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल से लेकर कई नेताओं ने पर्चा भरा। मनोहर लाल ने करनाल से अपना नामांकन दाखिल किया इस दौरान यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। नामांकन से पहले मुख्यमंत्री ने जनसभा को भी संबोधित किया इस दौरान उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधा मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें सत्ता का खेल खेलती थी अब सट्टा का खेल खेल रही है। मुख्यमंत्री ने अपने 75 पार के नारे को दोहराते हुए कहा कि जनता के आशीर्वाद से बीजेपी फिर से हरियाणा की सत्ता में आएगी।
करनाल से सीएम मनोहर लाल ने पर्चा भरा तो नीलोखेड़ी से बीजेपी के ही उम्मीदवार भगवान दास कबीरपंथी ने नामांकन दाखिल किया, कबीर पंथी ने अपना नामांकन सीएम से पहले किया।घरौंडा से बीजेपी के उम्मीदवार हरविंदर कल्याण ने भी पर्चा भरा, इस दौरान उनके साथ मनीष ग्रोवर और महिला मोर्चा की अध्यक्ष निर्मला बैरागी भी मौजूद रहीं
वहीं असंध से बीजेपी के बख्शीश सिंह और इंद्री से रामकुमार कश्यप लेट होने के कारण अपना नामांकन दाखिल नहीं कर पाए।नारनौंद से जेजेपी के प्रत्याशी राजकुमार गौतम ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ नैना चौटाला भी मौजूद रहीं।नैना चौटाला ने कहा कि ये समय बदलाव का है बीजेपी को उखाड़ फेकेंगे।
पानीपत से जेजेपी प्रत्याशी देवेंद्र कादियान ने भी नामांकन भरा, कादियान अपने पैतृक गांव से काफिले के साथ निकले थे जिससे लोगों को जाम का सामना भी करना पड़ा, इस दौरान दिग्विजय चौटाला भी मौजूद रहे, दिग्विजय चौटाला ने कहा कि दुष्यंत इस बार दो जगहों से चुनाव लड़ सकते हैं। एक उचाना से तय बताया लेकिन दूसरे सीट का जिक्र नहीं किया।
बीजेपी जेजेपी के अलावा एलएसपी और बीएसपी के उम्मीदवारों ने भी अपने नामांकन भरे, जिसमें बादशाहपुर से एलएसपी के डॉक्टर सतीश यादव ने पर्चा भरा तो बीएसपी के प्रत्याशी योगेश कंबोज ने यमुनानगर से पर्चा दाखिल किया
इसके अलावा सिरसा से गोपाल कांडा और रानियां से गोविंद कांडा ने भी पर्चा दाखिल किया
वहीं सबसे दिलचस्प तस्वीर फतेहाबाद से सामने आई, फतेहाबाद से 10वीं पास कारपेंटर ने अपना नामांकन दाखिल किया, हालांकि इनकी पार्टी मान्यता प्राप्त नहीं है लेकिन ये फतेहाबाद को नशा मुक्त बनाने के लिए चुनाव लड़ने मैदान में उतरे हैं।









